रायपुर। राजधानी रायपुर के टैगोर नगर इलाके में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) का एक ड्राइवर अचानक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जहां करीब 2 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। जानकारी के अनुसार, विष्णु यादव नामक ड्राइवर अचानक टॉवर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार करने लगा। मौके पर मौजूद उसके साथियों ने काफी समझाइश दी, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद तत्काल डायल-112 की टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने स्थानीय लोगों और साथियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने विष्णु यादव को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक टॉवर पर चढ़ा नजर आ रहा है और नीचे खड़े लोग उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि विष्णु यादव आर्थिक और मानसिक तनाव में था, हालांकि टॉवर पर चढ़ने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने युवक को उसके अश्वनी नगर स्थित घर पहुंचाकर परिजनों को इसकी सूचना दे दी है। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक सुरक्षित है और मामले की जांच की जा रही है।