पाटन । सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के दुर्घटना संभावित स्थानों का निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान ग्राम किकिरमेटा, बेल्हारी, कुम्हली एवं पौहा क्षेत्र में स्थित सड़कों का अवलोकन कर दुर्घटना संभावित स्थानों के बारे में जानकारी ली जहां की सड़क दुर्घटना में ग्रामीणों की आकस्मिक मौत होने की घटनाए बढ़ रही है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी एवं सूचना संकेतक बोर्ड स्थापित किए जाएं, ताकि वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके। तेज गति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर एवं रंबल स्ट्रिप्स लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही अंधे मोड़ और संवेदनशील स्थानों पर रिफ्लेक्टर, कैट आई तथा चेतावनी चिन्ह लगाए जाने के लिए कहा गया। रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को नियमित पेट्रोलिंग करने तथा यातायात जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चन्द्रा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पाटन अनूप लकड़ा, थाना प्रभारी जामगांव आर सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।