भिलाई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रुआबांधा, भिलाई में आयोजित वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी एवं प्रतिभावान छात्र–छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति और सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि सफल और सार्थक जीवन का मार्ग है। सामाजिक विकास का मूलमंत्र शिक्षा ही है। चाहे जीवन जीने की कला हो, व्यापार, कृषि या कोई अन्य क्षेत्र—हर क्षेत्र में सफलता के लिए शिक्षा की अहम भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन से पढ़ाई कर अपने माता–पिता एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विधायक चंद्राकर ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूलमंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। उनके मार्गदर्शन में राज्य सरकार पिछले 22 महीनों से सभी वर्गों के कल्याण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। अन्नदाताओं के हित में कृषक उन्नति योजना, गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराने हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना, माताओं और बहनों को सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना तथा दूरस्थ अंचलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शिक्षक युक्तियुक्तकरण जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, शाला विकास प्रबंधन समिति अध्यक्ष वेदप्रकाश, विधायक प्रतिनिधि गोविंद राम साहू, महामंत्री दशरथ साहू, राकेश त्रिपाठी, जग्गु यादव, प्रमोद जैन, राजकुमार जैन, करुणा यादव, विनोद खैरवार, विष्णुदत्त शर्मा, श्री प्यारे यादव, जयकुमार कौशल, प्रेमचंद साहू, माली, डॉ. एस. के. शर्मा, विकास कुलश्रेष्ठ, विद्यालय की प्राचार्य दीप्ती गुप्ता, व्याख्याता कल्पना डाके, संस्कृति शुक्ला, रोहित साहू, दिनेश बघेले, किरणपाल पाण्डेय, भारती साहू, शशि बघेले, विजयलक्ष्मी सेन, सुशील कुमार मिश्रा एवं पी. विक्रम सिंह सहित शिक्षकगण, छात्र–छात्राएँ एवं अभिभावकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।