
जामगांव आर। युवा चैनल की खबर के बाद बिजली विभाग हरकत में आया और पेयजल संकट को देखते हुए अस्थायी व्यवस्था के तहत जंपर काटकर मोटर लाइन को घरेलू विद्युत लाइन से जोड़ दिया गया। इसके बाद आगेसरा, उमरपोटी और गातापार गांवों में ब्लैकआउट से जूझ रहे लोगों को राहत मिली और बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बहाल कर दी गई।
हालांकि, रीवागहन फीडर की 11 केवी मुख्य लाइन के गिरे हुए पांचों विद्युत पोलों की मरम्मत का कार्य अभी भी शुरू नहीं हो सका है। विभाग द्वारा केवल वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली चालू की गई है, जबकि स्थायी समाधान अब भी लंबित है।
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल व्यवस्था बहाल होने से फिलहाल बड़ी राहत मिली है, लेकिन जर्जर विद्युत पोलों को बदलकर 11 केवी लाइन की स्थायी मरम्मत जल्द कराई जानी चाहिए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि बारिश के दौरान इसी तरह की लापरवाही जारी रही तो भविष्य में फिर बड़े स्तर पर बिजली संकट खड़ा हो सकता है। वहीं, ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द पांचों पोल खड़े कर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग दोहराई है।