रायपुर। राज्य सरकार द्वारा सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला विज्ञान) के पद पर समायोजन के निर्णय के बाद रायपुर में मंगलवार को एक भव्य आभार रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बर्खास्त किए गए 2,621 बी.एड. डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरकार के फैसले का स्वागत किया।
गौरतलब है कि साय कैबिनेट की 30 अप्रैल को हुई बैठक में इन शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए पुनः समायोजित करने का निर्णय लिया गया था। इसी के समर्थन में हजारों की संख्या में जुटे शिक्षकों ने राजधानी की सड़कों पर मार्च निकाला और ‘ABCDEFG थैंक्यू थैंक्यू सीएम जी’ जैसे नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।
रैली के आयोजकों ने कहा कि यह फैसला न सिर्फ हजारों शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करता है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करेगा। शिक्षकों ने इसे “सम्मान की बहाली” बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। सरकारी सूत्रों के अनुसार, जल्द ही समायोजन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और सभी पात्र शिक्षकों को उनके पद पर नियुक्त किया जाएगा।