
रायपुर। नवा रायपुर के तूता स्थित जंगल में चित्रोत्पला फिल्म सिटी निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई का विरोध तेज होने लगा है। प्रस्तावित फिल्म सिटी के लिए जंगल के पेड़ों को काटे जाने के खिलाफ माना-तूता जंगल संघर्ष समिति ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। समिति ने इस मामले में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी को पत्र लिखकर फिल्म सिटी के लिए वैकल्पिक स्थान का चयन करने की मांग की है।
नवा रायपुर सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष सुजीत कुमार घिदौड़े ने कहा कि जंगल के पेड़ों की कटाई किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति का विरोध सरकार के विकास कार्यों से नहीं है और न ही फिल्म सिटी के निर्माण पर आपत्ति है। विरोध केवल उस स्थान को लेकर है, जहां फिल्म सिटी बनाने के लिए पेड़ों की कटाई प्रस्तावित है।
घिदौड़े ने कहा कि सरकार को पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देना चाहिए। नवा रायपुर में फिल्म सिटी निर्माण के लिए दूसरी जगह भी उपलब्ध हो सकती है। ऐसे में जंगल को काटकर विकास परियोजना को आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जंगल पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। विकास के साथ प्रकृति का संरक्षण भी जरूरी है। समिति आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी।