रायपुर। राजधानी रायपुर में ईडी की पूछताछ के बाद बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता हेमंत चंद्राकर ने ईडी अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते समय भावुक होकर उन्होंने कहा– “मुझे मार दो साहब, मैंने कांग्रेस सरकार में बीज और खाद की सप्लाई की है। इसके पूरे दस्तावेज ईडी को सौंप दिए हैं, लेकिन भूपेश बघेल का नाम न लेने पर मेरे साथ मारपीट की जा रही है। चंद्राकर का आरोप है कि 29 सितंबर की सुबह से देर रात तक चली पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया, लेकिन उन्हें रोककर बुरी तरह प्रताड़ित किया गया। ईडी अधिकारियों ने कथित तौर पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल और उनके करीबी नेताओं पर कमीशन लेने की बात स्वीकारने का दबाव बनाया। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई।
इस पूरे मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर केंद्र सरकार और ईडी पर सीधा हमला बोला। बघेल ने कहा–“ईडी अब पूरी तरह से गुंडागर्दी पर उतर आई है। पहले व्यापारियों के घर रेड करती है, फिर पूछताछ के नाम पर उन्हें पीटा जाता है। हेमंत चंद्राकर के साथ रॉड से मारपीट कर मुझ और मेरे साथियों का नाम लेने का दबाव बनाया गया। जब पीड़ित पुलिस के पास पहुंचे तो न अपराध दर्ज हुआ और न मेडिकल परीक्षण कराया गया। यह सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है।बघेल ने चेतावनी दी कि “कानून के विपरीत काम करने वालों के नाम प्रदेश की जनता दर्ज कर रही है।”