रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचकर शराब घोटाला मामले में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और कारोबारी विजय भाटिया से मुलाकात की। मुलाकात के बाद बघेल ने मौजूदा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद दोनों आरोपियों को इलाज की सुविधा नहीं मिल रही है, जो निंदनीय है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा,कवासी लखमा हार्ट पेशेंट हैं, विजय भाटिया को एल्बुमिन की जरूरत है, लेकिन पुलिस बल की कमी का हवाला देकर उन्हें अस्पताल नहीं ले जाया जा रहा। ये सरकार की व्यक्तिगत दुश्मनी का इशारा है, जो बेहद शर्मनाक है।”
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर नाराजगी
भूपेश बघेल ने बताया कि विजय भाटिया को नियमित रूप से एल्बुमिन चढ़ाया जाता है, जिसकी सुविधा रायपुर के एक निजी अस्पताल में मौजूद है। बघेल ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लखमा को दिल की बीमारी है और उन्हें तत्काल इलाज की जरूरत है, लेकिन जेल प्रशासन टालमटोल कर रहा है जेल में एक कैदी के साथ मानवता के नाते भी बर्ताव होना चाहिए। यह सरकार बंदियों से राजनीतिक बदले की भावना से व्यवहार कर रही है।
“फैसला कोर्ट करेगा, न कि सरकार”
पूर्व सीएम ने दो टूक कहा आपने गिरफ्तारी की, ठीक है। लेकिन फैसला अदालत को करना है। जेल में किसी के साथ बदसलूकी या सुविधाओं से वंचित रखना न सिर्फ कोर्ट की अवमानना है, बल्कि यह सत्ता का दुरुपयोग भी है।
भविष्य के लिए चेतावनी
बघेल ने सरकार को चेतावनी भरे अंदाज में कहा: समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता। जो व्यवहार आज सरकार कर रही है, वो कल उसके साथ भी हो सकता है। कानून के तहत सभी को बराबर अधिकार मिलना चाहिए — चाहे वह मंत्री रहे हों या कारोबारी।