कर्मा जयंती महोत्सव में सीएम साय की अनदेखी से साहू समाज में रोष

पाटन। तहसील साहू संघ पाटन द्वारा विगत 22 वर्षों से आयोजित कर्मा जयंती महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम के आयोजन में इस बार नाराजगी का माहौल है। समाज की ओंर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि संघ के पदाधिकारी एक माह से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक न मुलाकात हो पाई और न ही कोई सकारात्मक जवाब मिला है।

तहसील अध्यक्ष दिनेश साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री निवास में लेटरपैड सौंपने से लेकर मोबाइल एवं उनके ओएसडी के माध्यम से भी संपर्क किया गया, फिर भी कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने साहू समाज द्वारा किए गए सामूहिक विवाह आयोजन की सराहना करते हुए इसे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की प्रेरणा बताया था। बावजूद इसके, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का उदासीन रवैया समाज में आक्रोश का कारण बन गया है।

दिनेश साहू ने कहा कि पिछले वर्ष ग्राम पतोरा में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आगमन के बावजूद नवविवाहित जोड़ों को शासन से मिलने वाला उपहार नहीं मिला था। वहीं, भूपेश बघेल सरकार द्वारा स्वीकृत भवन निर्माण के 50 लाख रुपये की राशि भी साय सरकार बनने के बाद वापस ले ली गई, जो अब तक पुनः जारी नहीं हुई।

पदाधिकारियों ने सवाल उठाया कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अनुपस्थित रहते थे तो उनकी धर्मपत्नी वीणा सिंह कार्यक्रम में सम्मिलित होती थीं, फिर आज ऐसी क्या वजह है कि मुख्यमंत्री साय भेंट तक का समय नहीं दे पा रहे? संघ ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि समाज इस उपेक्षा पर भविष्य में गंभीर चिंतन करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *