YC न्यूज़ डेस्क । छत्तीसगढ़ सरकार अब गोठानों की जगह गौधाम योजना शुरू करने जा रही है। राज्य में गोवंश के संरक्षण और सुव्यवस्थित देखरेख के लिए हर विकासखंड में गौधाम बनाए जाएंगे। बलौदाबाजार में इस संबंध में हुई बैठक में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में 10-10 स्थानों पर गौधाम बनेंगे, जिनमें 200-200 गायों को रखने की व्यवस्था होगी।
बलौदाबाजार प्रवास के दौरान पटेल ग्राम लटुवा में आयोजित गौ ग्राम जनजागरण यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक और यज्ञशाला में आयोजित खुले मंच को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गौवंश की घटती संख्या चिंता का विषय है। भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है और उसके संरक्षण के लिए सभी वर्गों को मिलकर सम्मिलित प्रयास करना जरूरी है।
श्री पटेल ने गौवंश को “चलता फिरता रसायन शास्त्र” बताते हुए कहा कि गोबर और गोमूत्र में औषधीय गुण होते हैं, जो गंभीर बीमारियों के इलाज में सहायक हैं। बैठक में उन्होंने निराश्रित गोवंश का सर्वे करने, उनकी संख्या संकलन और वर्षा ऋतु में सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध गोवंश परिवहन पर पुलिस विभाग को सख्त निगरानी और कार्रवाई करने को कहा।