पाटन। सेजस विद्यालय घुघुवा(क) परिसर में सोमवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय घुघुवा(क), शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, शासकीय प्राथमिक विद्यालय घुघुवा(क) एवं शांति विद्या निकेतन विद्यालय का संयुक्त भव्य वार्षिक उत्सव एवं सम्मान समारोह विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के तत्वावधान में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों व दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया।
विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति द्वारा नवाचार करते हुए शिक्षिका श्रीमती तुलसी सती, श्रीमती भारती राजपूत एवं श्रीमती निमिषा पाण्डेय को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के पूर्व छात्रों में से सीजीपीएससी चयनित प्रोफेसर जितेन्द्र बारले (ग्राम राखी), गौसेवा में समर्पित उमेश साहू (ग्राम करसा), सड़क दुर्घटना में घायल युवक की तत्परता से सहायता करने वाले भोज कुमार साहू (ग्राम घुघुवा क) तथा कबड्डी के प्रतिभावान खिलाड़ी नमन साहू को उत्कृष्ट उल्लेखनीय कार्य सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में प्रथम तल भवन एवं बाउंड्रीवाल निर्माण की अत्यंत आवश्यकता को लेकर अतिथियों के समक्ष मांग भी रखी गई। पूर्व प्राचार्य श्रीमती किरण बाला वर्मा ने विद्यालय को ₹25,000 की सहायता राशि प्रदान की। वहीं दौलत वाटिका रिसॉर्ट के संचालक समाजसेवी श्री दौलत सिंह ठाकुर ने मेरिट में आए विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला दुर्ग के महामंत्री श्री दिलीप साहू रहे, जबकि अध्यक्षता श्रीमती रानी केशव बंछोर ने की। विशिष्ट अतिथियों में सभापति प्रणव शर्मा, पूर्व प्राचार्य किरण बाला वर्मा, समाजसेवी दौलत सिंह ठाकुर, शिवांश इंटरनेशनल स्कूल ग्रुप के संचालक श्लोक शर्मा, प्रोफेसर डॉ. नीलिमा शर्मा एवं ग्राम सरपंच श्रीमती शैलेंद्री ढालसिंह साहू शामिल रहीं। सभी अतिथियों का प्रतीक चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। अतिथियों ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में एसएमडीसी अध्यक्ष श्री थानेश्वर साहू, पालक समिति अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, एसएमडीसी सदस्यगण, विद्यालय प्राचार्य श्री के.के. पहरी, प्रधानाध्यापकगण, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सेजस विद्यालय घुघुवा(क) के विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।