
जामगांव आर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम करेला में जय मां जगदम्बा भवानी समिति के तत्वावधान में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापना के साथ चैतन्य झांकी गुफा का भव्य शुभारंभ किया गया। शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने विधि-विधान से माता रानी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि एवं दुर्ग जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक साहू थे। अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने की। विशेष अतिथि के रूप में सरपंच संघ अध्यक्ष पाटन रूपेंद्र शुक्ला, जनपद प्रतिनिधि भेदप्रकाश वर्मा, पूर्व सेक्टर अध्यक्ष यादव राम सेन, समाजसेवी भानु वर्मा, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रोहित साहू, समाजसेवी गोकुल ठाकुर और पंच छबि लाल ठाकुर उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा को सहेजने का प्रयास
मुख्य अतिथि अशोक साहू ने नवरात्रि पर्व पर ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के युवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की परंपरा और संस्कृति को सहेजने के लिए युवाओं का यह प्रयास सराहनीय है। माता रानी के आशीर्वाद से समिति प्रतिवर्ष भव्य गुफा और जीवंत प्रदर्शन के माध्यम से क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही है।.ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने नवरात्रि महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखने की कामना की। वहीं, सरपंच संघ अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला ने आयोजन समिति के सदस्यों और ग्रामवासियों के लिए माता रानी से सुख-समृद्धि एवं कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
लक्ष्मण झूला, भूत बंगला और सर्प दर्शन बने आकर्षण
आयोजक समिति द्वारा चैतन्य झांकी गुफा में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न आकर्षक और जीवंत दृश्य तैयार किए गए हैं। इनमें लक्ष्मण झूला, भूत बंगला, सर्प दर्शन और बंजारी माता दर्शन सहित कई विशेष प्रस्तुतियां शामिल हैं। नवरात्रि के दौरान ये झांकियां श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष इन्द्र कुमार मेश्राम सहित तरुण कोसे, योगेन्द्र ठाकुर, लुमेश कुमार, रितेश सोनी, देवा ठाकुर, यशवंत कोसे, प्रशांत देशमुख, अश्वनी ठाकुर, रेवेन्द्र कोसे, निखिल, धनश्याम, सागर, राजेन्द्र, सिब्बू, आकाश, कुन्दन, नीरज, तुषार, शिवम यादव, रुद्र, बिट्टू सहित समिति के सदस्यों और ग्रामवासियों की सहभागिता रही।