भिलाई चरोदा। नगर निगम भिलाई चरोदा क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कथित राजनीतिक दबाव एवं द्वेषपूर्ण मंशा से शिवनाथ कांवर यात्रा से जुड़े भगवान भोलेनाथ के चित्रयुक्त फ्लेक्स को कार्यालय से हटाकर कूड़ा स्थल पर फेंक दिया गया। इस अपमानजनक कृत्य से संपूर्ण हिंदू समाज अत्यंत आहत और क्रोधित हो उठा।
इस घटना के विरोध में शिवनाथ कांवर यात्रा समिति के संयोजक विपिन चंद्राकर, तेजस पाल सहित भारी संख्या में सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी भिलाई-3 मंडल अध्यक्ष वरुण यादव, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नगर निगम आयुक्त कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने इस कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की मांग की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन दलबल सहित मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। लम्बे समय तक चली गहमागहमी और विरोध के बाद आयुक्त महोदय ने संबंधित अधिकारियों को शो कॉज नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर जांच कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर दोषियों पर कार्यवाही नहीं की गई, तो प्रशासन के विरुद्ध बड़े पैमाने पर आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।