दुर्ग में निवेश के नाम पर 40 लाख की ठगी : पति-पत्नी गिरफ्ताऱ,खुद को फाइनेंशियल एक्सपर्ट बताकर महिला से 25 लाख ऐंठे

दुर्ग में निवेश के नाम पर 40 लाख की ठगी : पति-पत्नी गिरफ्ताऱ,खुद को फाइनेंशियल एक्सपर्ट बताकर महिला से 25 लाख ऐंठे

दुर्ग। निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक दंपती को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को वित्तीय सलाहकार बताकर महिलाओं का भरोसा जीता और फिर करीब 40 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। 29 दिनों तक फरार रहने के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह लोगों को कम समय में अधिक रिटर्न का लालच देकर निवेश कराने का काम करते थे। इसी दौरान उनकी पहचान फातिमा अहमद उर्फ स्वाती से हुई। शुरुआत में आरोपियों ने निवेश पर अच्छा लाभ दिखाकर उसका विश्वास जीता और बाद में विभिन्न योजनाओं में निवेश के नाम पर उससे करीब 25 लाख रुपये ले लिए।
भरोसे का फायदा उठाकर गहने भी हड़पे
आरोपियों ने फातिमा की सहेली रजनी बारसकर को भी अपने जाल में फंसा लिया। आर्थिक सहायता और बेहतर निवेश का भरोसा देकर उसके सोने के गहने अपने कब्जे में ले लिए। बाद में इन गहनों को भिलाई की एक गोल्ड फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर लगभग 15 लाख रुपये प्राप्त कर लिए गए। जब दोनों महिलाओं ने अपनी रकम और गहनों की वापसी की मांग की तो आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। काफी समय तक टालमटोल के बाद दोनों अचानक फरार हो गए।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पीड़ित महिलाओं ने 21 मई को जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार 29 दिनों की तलाश और जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने निवेश के नाम पर रकम लेने और गहने गिरवी रखने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से बैंकिंग रिकॉर्ड, निवेश संबंधी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी जब्त किए हैं।
ठगी के बड़े नेटवर्क की जांच
पुलिस को आशंका है कि आरोपी दंपती ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है। प्रारंभिक जांच में ठगी के बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं। अब पुलिस बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और निवेश दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। पुलिस ने लोगों से किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करने और केवल अधिकृत संस्थाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *