बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में महाशिवरात्रि की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। श्मशान घाट में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़ कर कंकाल का सिर निकाल लिए जाने की आशंका जताई जा रही है। कब्र के पास नींबू, चावल, कच्चे मांस के टुकड़े और अन्य तांत्रिक सामग्री बिखरी मिली है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र के हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुद-बी का है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे एक किसान श्मशान घाट के पास से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर बच्ची की कब्र पर पड़ी, जहां मिट्टी उखड़ी हुई थी और पास में दिया, चावल व झिल्ली में रखे मांस के टुकड़े सहित तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री दिखाई दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई।
तीन माह पहले हुई थी बच्ची की मौत
ग्रामीण जितेंद्र साहू ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि यह कब्र उनकी तीन वर्षीय बेटी प्रिया साहू (लाडो) की है, जिसकी 9 अक्टूबर 2025 को तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि कब्र से छेड़छाड़ की घटना सामने आ गई। परिजनों का दावा है कि कब्र खोदकर कंकाल से सिर निकाल लिया गया और बाद में मिट्टी डालकर कब्र को दोबारा ढंक दिया गया।
SDM की अनुमति से दोबारा खुदाई
शिकायत के बाद एसडीएम की अनुमति से धारा 505 के तहत कब्र की दोबारा खुदाई कराई गई। दोपहर करीब 3 बजे पुलिस की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के बीच करीब चार फीट नीचे शव निकाला गया। परिजनों का कहना है कि शव से सिर गायब है। इसके बाद अवशेषों को परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
FIR दर्ज, तांत्रिक गतिविधि की आशंका
हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महाशिवरात्रि की रात तांत्रिक क्रिया किए जाने की आशंका है। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 301 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। एएसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
पहले भी सामने आ चुका है मामला
करीब 9 माह पहले पड़ोसी गांव सिर्राभाठा में तंत्र विद्या के शक में बैगा पुनीत राम गोंड़ की हत्या कर दी गई थी। उस घटना में भी मौके पर तांत्रिक सामग्री मिली थी। मामले में पांच आरोपी वर्तमान में जेल में हैं।