भारत देश रहेगा अखण्ड, ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद पर करारा प्रहार- विधायक ललित चंद्राकर

“रिसाली में नगर वासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर निकाली देशभक्ति रैली, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर शहीदों को किया नमन”

रिसाली। भारत के सैन्य ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में नगर पालिक निगम रिसाली द्वारा सेना के जवानों के सम्मान में शनिवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने हाथों में तिरंगा लेकर किया। इस देशभक्ति यात्रा में नगर निगम महापौर शशि सिन्हा, सभापति केशव बंछोर और निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे दशहरा मैदान, रिसाली से हुआ। प्रारंभ में विधायक ललित चंद्राकर ने नागरिकों और निगम कर्मियों से मुलाकात कर कहा कि “भारत देश हमेशा अखण्ड रहेगा और आतंकवाद के विरुद्ध चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर हमारे सैनिकों की वीरता का प्रतीक है।” उन्होंने सेना की तीनों शाखाओं को नमन करते हुए उनके साहस और समर्पण के लिए धन्यवाद प्रकट किया।

महापौर शशि सिन्हा ने देशभक्ति नारों के साथ रैली को ऊर्जावान बना दिया और नागरिकों को राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली मार्ग पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। तिरंगा यात्रा का समापन शहीद स्मारक पर हुआ, जहाँ उपस्थित जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं निगम कर्मियों ने भारत माता की जय घोष के साथ शहीद रजनीकांत स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्र की अखंडता और एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

रैली में एमआईसी सदस्य जहीर अब्बास, अनिल देशमुख, सनीर साहू, डॉ. सीमा साहू, पार्षद ईश्वरी साहू, विलास बोरकर, विधि यादव, रमा साहू, माया यादव, सरिता देवांगन, सांसद प्रतिनिधि दीपक ‘पप्पू’ चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, अनुपम साहू समेत सैकड़ो नागरिकों ने सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *