पाटन नपं परिषद बैठक में गूंजे जनहित के मुद्दे : सभापति नेहा बाबा वर्मा ने पानी, सड़क और सुरक्षा पर उठाए बड़े सवाल

पाटन। नगर पंचायत पाटन की सामान्य सभा की परिषद बैठक में सभापति नेहा बाबा वर्मा ने जनहित से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाते हुए अधिकारियों को कठघरे में खड़ा किया। बैठक के दौरान उनका रुख पूरी तरह जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में केंद्रित नजर आया। सभापति ने वार्ड क्रमांक 4 में गहराते पेयजल संकट को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि पूरा क्षेत्र “ड्राई एरिया” बन चुका है। उन्होंने नियमित टैंकर से पानी सप्लाई और विभिन्न स्थानों पर जल वितरण केंद्र स्थापित कर रोज शाम 4 बजे पानी उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने शासकीय, घास एवं आबादी भूमि के सीमांकन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इनका उपयोग जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बच्चों के जाति प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित मामलों को भी उठाया गया। उन्होंने अधिकारियों से इनका जल्द निराकरण करने के निर्देश देने की मांग की, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
🔹 सुरक्षा पर जोर
कॉलेज रोड स्थित अखरा स्कूल और चंदुलाल चंद्राकर कॉलेज के पास हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग रखी, जिससे छात्रों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
🔹 पार्किंग और ट्रैफिक अव्यवस्था
शुभम के मार्ट के सामने अव्यवस्थित पार्किंग को गंभीर खतरा बताते हुए उन्होंने जांच और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
🔹 सड़क गुणवत्ता पर सवाल
सभापति ने वार्ड 4 में बनी बीटी रोड की खराब गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सड़क अनुबंध अवधि से पहले ही उखड़ गई है, जो निर्माण कार्य में लापरवाही को दर्शाता है। साथ ही अधिकारियों द्वारा अनुबंध अवधि को लेकर दी गई भ्रामक जानकारी पर भी उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *