जामगांव (आर)। जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू ने कहा है कि “लोकतंत्र की असली ताकत तभी है जब हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो।” उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-12 के सभी नागरिकों से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी देने की अपील की है। श्रीमती साहू ने कहा कि मत और मतदान दोनों ही आम नागरिक के विशेष अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर नए नाम जोड़ने, त्रुटियों में सुधार करने और अमान्य नाम हटाने की प्रक्रिया चल रही है। यह आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक सुनिश्चित करे कि उसका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज है।
◆“सही और पारदर्शी मतदाता सूची, मजबूत लोकतंत्र की पहचान”
सभापति साहू ने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची का संपूर्ण, सही और पारदर्शी होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस दिशा में विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं ताकि जागरूकता अभियान को और गति मिल सके और अधिक से अधिक पात्र नागरिक अपने मतदान अधिकार से जुड़ सकें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार और आस-पड़ोस के लोगों को भी जागरूक करें और लोकतंत्र की इस प्रक्रिया में सहयोग दें।