रानीतराई । पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रानीतराई में बन रहा स्व. दाऊ रामचंद्र साहू शासकीय महाविद्यालय अब लगभग तैयार हो चुका है, अंतिम चरण के फिनिशिंग कार्य तेजी से जारी हैं। जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू ने कॉलेज का औचक निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति देखी और कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ उन्नत सुविधाएँ भी उपलब्ध कराएगा।।उन्होंने कहा कि यह कॉलेज ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के उज्जवल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। दक्षिण पाटन के हृदय स्थल रानीतराई में स्थित यह कॉलेज न केवल दुर्ग जिले के बल्कि धमतरी जिले के विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
कॉलेज के प्राचार्य अरुण मिश्रा ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है और दिसंबर माह तक कॉलेज को नए भवन में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगले सत्र से हिंदी साहित्य विषय की पढ़ाई आरंभ की जाएगी, वहीं पीजीडीसीए पाठ्यक्रम प्रारंभ करने हेतु संचानालय को प्रस्ताव भेजा गया है। प्राचार्य ने यह भी बताया कि कॉलेज परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्रीवाल निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है।