रवेली में गूंजा मानस गान, कमल वर्मा ने कहा -“श्रीरामचरितमानस केवल ग्रंथ नहीं, जीवन जीने की कला है”

पाटन । पाटन ब्लॉक ग्राम रवेली में आयोजित दो दिवसीय संस्वर मानस गान प्रतियोगिता का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं और श्रोताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस मुख्य अतिथि के रूप में अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के अध्यक्ष श्री कमल वर्मा उपस्थित रहे। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने श्रीरामचरितमानस को जीवन का आदर्श ग्रंथ बताते हुए कहा कि इसी के स्वरूप में भारतीय समाज का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस में एक आदर्श राजा, आज्ञाकारी पुत्र, भाईचारे का प्रेम, माता-पुत्र का स्नेह तथा परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति प्रत्येक व्यक्ति के कर्तव्यों का सजीव चित्रण मिलता है। यह ग्रंथ हमें सुख, शांति और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है।
श्री वर्मा ने कहा कि यही कारण है कि हम सदैव रामराज्य की परिकल्पना करते हैं। रामचरितमानस हमारी सामाजिक बुनियाद की नींव है और इसके विभिन्न पात्रों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर हम विश्व के समक्ष एक श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को लगातार 16 वर्षों से इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में श्रीमती लता ताराचंद वर्मा (सरपंच), अध्यक्ष श्री घांसी राम साहू, श्री रविशंकर वर्मा, श्री जागेश्वर साहू, श्री राजेश वर्मा, श्री विष्णु शर्मा, श्री धर्मेंद्र यादव, श्री रूपेंद्र वर्मा, श्रीमती लता वर्मा, श्रीमती भुनेश्वरी साहू, श्रीमती सुधा वर्मा, श्रीमती रेखा ठाकुर, श्रीमती मोहिनी साहू, श्री रमेश बया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं श्रोतागण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *