जामगांव आर। जामगांव (आर) स्थित शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय में 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम ‘स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें’ के अनुरूप विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, स्मरण शक्ति बढ़ाने तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग और ध्यान के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट योग और ध्यान करने की सलाह दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने योगासन का अभ्यास भी किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गाड़ाडीह पीएचसी के उत्तम मधुकर ने वैज्ञानिक पद्धति से इलाज कराने, झोलाछाप डॉक्टरों से बचने और अपने आसपास के प्रमाणित स्वास्थ्य केंद्रों की पहचान करने की महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने मितानिन कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अंधविश्वास और झाड़-फूंक से दूर रहने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी चेतना सोनी ने किया। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को रेखांकित किया। वहीं रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. संतोष पांडे ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने और स्वस्थ रहने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों सहित महाविद्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।