रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा हाल ही में आयोजित कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ ‘मुसाफिर पंजी’ के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए थे। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टरों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि गांवों में बाहरी राज्यों एवं शहरों से आने वाले व्यक्तियों का पूरा ब्यौरा संधारित किया जाए — वे कहां से आए हैं, किस उद्देश्य से आए हैं, कितने समय के लिए ठहरे हैं, तथा उनका नाम, पता, आधार नंबर और मोबाइल नंबर कोटवार के पंजी में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
मुख्यमंत्री के इन निर्देशों के त्वरित अनुपालन में कोरिया जिले के सोनहत तहसील में सभी 79 कोटवारों द्वारा मुसाफिर पंजी संधारित किया गया है। संबंधित पटवारी एवं कानूनगो द्वारा इन पंजियों का निरीक्षण कर दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन सुनिश्चित किया गया है।इन पंजियों में बाहरी शहरों और राज्यों से आने वाले फेरीवाले, बर्तन विक्रेता, श्रृंगार सामग्री बेचने वाले तथा अन्य मुसाफिरों का विवरण नियमित रूप से दर्ज किया जा रहा है।
यह पहल गांवों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण में भी सहायक साबित होगी। प्रशासन का कहना है कि इस कदम से ग्राम स्तर पर जनसुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।