“जनसेवा की नई शुरुआत: जिले के पहले जनसमस्या निवारण केंद्र का पाटन के घुघुवा में शुभारंभ”

(उद्घाटन समारोह में सांसद बघेल और योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा शामिल हुए )

पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम नारायणपुर (घुघुवा क) में जिले के प्रथम जनसमस्या निवारण केंद्र का उद्घाटन योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा एवं दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय विजय बघेल की मौजूदगी में समारोहपूर्वक सम्पन्न हुआ।


   उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए आयोग के अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि आज हनुमान जन्मोत्सव का पावन अवसर है जिस प्रकार भगवान हनुमान संकटों का निवारण करते हैं, उसी प्रकार यह जनसमस्या निवारण केंद्र भी जनसमूह की समस्याओं के समाधान हेतु एक प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने ग्राम घुघुवा (क) का नाम परिवर्तन कर “नारायणपुर” किए जाने के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीणों की जागरूकता का प्रतीक बताया।

सांसद श्री विजय बघेल ने अपने वक्तव्य में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार की समस्याएँ उत्पन्न होती हैं, जिनके निराकरण हेतु पंचायत, जनपद, जिला पंचायत तथा आवश्यकतानुसार विधायक और सांसद स्तर पर प्रयास किए जाते हैं। उन्होंने जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर जनपद पंचायत पाटन के सभापति प्रणव शर्मा ने अवगत कराया कि ग्रामवासियों ने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं की आशंका व्यक्त करते हुए मार्ग पर ब्रेकर निर्माण की मांग की है, जिस पर सांसद बघेल ने शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के सरपंच, उपसरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, भाजपा के पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *