पाटन । पाटन विकासखंड के अंतर्गत आने वाले खारून नदी के तट पर स्थित पवित्र तीर्थ ग्राम कौही में हरे रामा हरे कृष्ण गौशाला के संरक्षण एवं विस्तार के लिए एक नई पहल की जा रही है। इस कार्य में विश्व हिंदू परिषद की स्थानीय इकाई सक्रिय भूमिका निभा रही है, वहीं दुर्ग क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने भी गौशाला के छत निर्माण एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। ग्राम कौही में शुक्रवार को आयोजित बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष संतोष गोलछा, योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा, तथा अन्य सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में सभी समितियों के समन्वय के साथ गौशाला संचालन का कार्य विहिप को सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
करीब 12 वर्षों से जनसहयोग से संचालित इस गौशाला में आसपास के गांवों के लोग भी जुड़े हुए हैं। गांव के दानदाताओं की मदद से भूमि प्राप्त कर गौशाला और मंदिर का निर्माण संभव हो पाया है। अब इसे विस्तार देने की दिशा में कार्य हो रहा है।
◆ गौ सेवा आध्यात्मिक उत्थान का का मार्ग-रूपनारायण
समारोह में योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने अपने वक्तव्य में कहा, गौसेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। यह न केवल आध्यात्मिक उत्थान का मार्ग है, बल्कि सामाजिक समरसता का केंद्र भी बनता है। कौही जैसे धार्मिक स्थल पर गौशाला का विस्तार पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक होगा।
★ गौमाता की सेवा से गांवों की उन्नति सुनिश्चित-विजय बघेल
सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह उनका भी कर्तव्य है कि वे एक सदस्य के रूप में इस पवित्र कार्य में सहयोग करें। उन्होंने छत निर्माण समेत हर संभव मदद का आश्वासन दिया,उन्होंने आगे कहा कि गौ माता की सेवा से गांव की उन्नति सुनिश्चित होती है। विहिप अध्यक्ष संतोष गोलछा ने इसे पुण्य का कार्य बताते हुए सतत सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में कन्हैयालाल कुंदन,योगेश्वर साहू, ईश्वर यादव, यशवंत साहू, रामलाल साहू, रुक्मणी साहू समेत अनेक ग्रामीण व समिति सदस्य मौजूद रहे।