जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती वन क्षेत्र में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में अब तक दो माओवादियों के मारे जाने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को गुप्त सूचना मिली थी कि इंद्रावती इलाके में बड़ी संख्या में माओवादी एकत्रित हैं। सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। दोनों ओर से भारी गोलीबारी के बीच माओवादियों को बड़े नुकसान की खबर सामने आ रही है।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबल इलाके में सर्चिंग अभियान चला रहे हैं ताकि घायल या छिपे हुए माओवादियों की तलाश की जा सके। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त बल भी मौके पर रवाना किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने अभी तक मुठभेड़ में मारे गए माओवादियों की पहचान नहीं की है।