जामगांव आर। ओबीसी संयोजन समिति छत्तीसगढ़ के बैनर तले जिला दुर्ग एवं ओबीसी संयोजन समिति बालोद के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 07 अगस्त को परिक्षेत्रीय साहू भवन, बेल्हारी में “ओबीसी सामाजिक न्याय दिवस” का आयोजन किया जाएगा। यह दिवस मंडल कमीशन की ऐतिहासिक सिफारिश की स्मृति में मनाया जाता है, जब 7 अगस्त 1990 को भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह द्वारा पिछड़े वर्गों को 27% आरक्षण प्रदान करने की घोषणा से देश की राजनीति में एक क्रांतिकारी बदलाव आया था। सामाजिक न्याय की इस ऐतिहासिक लड़ाई को स्मरण करते हुए, आयोजन समिति ने समस्त सामाजिक संगठनों, जागरूक नागरिकों व युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम दुर्ग संभाग अध्यक्ष कीरत राम कुल्हारा की अध्यक्षता में होगा, बालोद जिलाध्यक्ष बल्दू राम साहू विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। आयोजन के प्रमुख संयोजकों शत्रुघ्न लाल साहू, अंकालू राम साहू (जिला प्रभारी दुर्ग), तथा युवराज सिंह गंजीर (संगठन प्रचारक) समेत दर्जनों समाजसेवी व सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। इस अवसर पर मंडल कमीशन के प्रभाव, ओबीसी आंदोलन के ऐतिहासिक संदर्भ, एवं सामाजिक न्याय की दिशा में आगे की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। आयोजको ने समस्त ओबीसी वर्ग के बुद्धिजीवी, युवाजन, समाजसेवी, छात्रगण एवं आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वे इस आयोजन का हिस्सा बनें एवं सामाजिक न्याय की इस लड़ाई में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।