
दुर्ग-भिलाई। भिलाई के जोन-4 खुर्सीपार स्थित SLRM (सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया है। वीडियो में जोन-4 के प्रभारी जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी कुछ कर्मचारियों के साथ पार्टी करते और फिल्मी गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में अधिकारी ने कमर में गमछा बांध रखा है और चश्मा लगाकर ‘आई एम अ डिस्को डांसर’ गाने पर थिरकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में सेंटर परिसर में कथित तौर पर शराब पार्टी किए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामला सामने आने के बाद नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है। उनसे निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा गया है।
काम के लिए बने सेंटर में पार्टी का आरोप
SLRM सेंटरों में शहर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करने और उसके प्रबंधन से जुड़ा काम किया जाता है। यहां निगम के स्वास्थ्य विभाग और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी कार्यरत रहते हैं। वायरल वीडियो में अधिकारी और कुछ कर्मचारी सेंटर परिसर में बैठे नजर आ रहे हैं। इसके बाद फिल्मी गाने पर डांस करते हुए वीडियो सामने आया। इसी दौरान वहां पार्टी और शराब का सेवन किए जाने का आरोप लगाया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद निगम ने मांगा जवाब
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि SLRM सेंटर परिसर में इस तरह की गतिविधियां किसकी अनुमति से की गईं और सरकारी कार्यस्थल पर पार्टी का आयोजन क्यों किया गया। अधिकारी के जवाब के बाद निगम प्रशासन मामले की आगे जांच और कार्रवाई पर फैसला लेगा। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
दुर्ग-भिलाई में लापरवाही का दूसरा मामला
दुर्ग-भिलाई में सरकारी कार्यस्थल पर सोशल मीडिया वीडियो को लेकर यह हालिया दूसरा मामला है। इससे पहले दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल लेते हुए तीन महिला टेक्नीशियनों का रील बनाने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से हटा दिया था। अब SLRM सेंटर के वायरल वीडियो ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।