बिलासपुर। हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। रविवार देर रात बिलासपुर हाईकोर्ट के पास एक इनोवा कार हादसे का शिकार हो गई। गाड़ी चला रहे चालक ने चलती कार का दरवाजा गुटखा थूकने के लिए खोल दिया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और इनोवा डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, चकरभाठा निवासी जैकी गेही (31) कपड़ों का व्यवसाय करता था। रविवार रात वह पार्टी के बाद घर लौटने की तैयारी में था। करीब 1:30 बजे उसने अपने मित्र आकाश चंदानी को फोन कर बुलाया। आकाश अपने दोस्त पंकज के साथ इनोवा गाड़ी में जैकी को लेने पहुंचा।
गाड़ी में आकाश ड्राइविंग सीट पर था, पंकज आगे बगल में और जैकी पीछे की सीट पर बैठा था। हाईवे पर इनोवा की रफ्तार 100 से अधिक बताई जा रही है। गुरुनानक ढाबा के पास पहुंचते ही आकाश ने चलती गाड़ी का दरवाजा गुटखा थूकने के लिए खोल दिया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर तीन बार पलटी खा गई।
हादसे के दौरान ड्राइवर साइड का दरवाजा पहले से खुला था और पलटने के दौरान पीछे का दरवाजा भी खुल गया। इस झटके में जैकी और आकाश दोनों बाहर गिर पड़े। जैकी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश को गंभीर हालत में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पंकज को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।