PM मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में जलेंगे 36 लाख दीये-सत्ता-संगठन मिलकर करेंगे प्रदेशभर में कार्यक्रम

PM मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में जलेंगे 36 लाख दीये-सत्ता-संगठन मिलकर करेंगे प्रदेशभर में कार्यक्रम

17 सितंबर से BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’, हर बूथ पर 100 दीये जलाने का लक्ष्य

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी इस बार छत्तीसगढ़ में बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में है। 17 सितंबर से प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा। प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना को लेकर प्रदेशभर में 36 लाख आशीर्वाद के दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर 100 दीये जलाने की योजना बनाई है। रायपुर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय में मीडिया को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि संभाग, जिला और विकासखंड मुख्यालयों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को बस्तर के गांव-गांव तक ले जाने की भी तैयारी है, जहां स्थानीय लोगों की भागीदारी से आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे।

स्कूलों में बच्चे बनाएंगे ‘सेवा चित्र’

‘सेवा संकल्प अभियान’ में स्कूली बच्चों को भी जोड़ा जाएगा। ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत बच्चे पेंटिंग के माध्यम से सेवा, विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रदर्शित करेंगे। स्कूलों और पंचायतों में ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से पिछले 25 वर्षों के विकास और बदलाव से संबंधित जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का मिलन’

आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें फल वितरण समेत विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी। वहीं ‘कहानी बदलाव के बीच’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सरकार के प्रमुख फैसलों से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसमें अनुच्छेद 370 हटाने सहित केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों और उनसे जुड़े घटनाक्रमों को भी विषय बनाया जाएगा।

रंगोली प्रतियोगिता से लेकर मशाल यात्रा तक

अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में लोगों को विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। कलाकारों के लिए ‘सेवा के रंग-रंगोली प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। सरकारी और अन्य कार्यालयों में भी सेवा की थीम पर रंगोली बनाने की गतिविधियां होंगी। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। सभी जिला मुख्यालयों पर मशाल पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के जिला मुख्यालयों को संबोधित करेंगे।

‘जनसेवा का महाकुंभ’ भी प्रस्तावित

अभियान के तहत ‘जनसेवा का महाकुंभ’ आयोजित किए जाने का भी प्रस्ताव है। इसमें पंच से लेकर सांसद तक विभिन्न स्तरों के जनप्रतिनिधियों के राष्ट्रीय स्तर पर एक मंच पर जुटने की योजना है। छत्तीसगढ़ से भी जनप्रतिनिधियों की टीम इस आयोजन में शामिल होगी। भाजपा के मुताबिक, ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ते हुए प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *