राजधानी में 125 से अधिक स्पा सेंटरों पर पुलिस का छापा, आपत्तिजनक सामग्री जब्त, कई स्टाफ हिरासत में

रायपुर — राजधानी रायपुर में सोमवार शाम पुलिस ने एक बड़े अभियान के तहत 125 से अधिक स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में महिला पुलिस बल की भी मदद ली गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रत्येक स्पा सेंटर की गहन जांच की, स्टाफ से पूछताछ की और दस्तावेजों की बारीकी से छानबीन की।

पुलिस को कुछ स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक सामग्री मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है। करीब डेढ़ दर्जन स्पा सेंटरों के मैनेजर और अन्य स्टाफ को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया। हालांकि, देर रात तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई थी।

सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी से पहले ही स्पा संचालकों को इस कार्रवाई की भनक लग गई थी, जिससे वे सतर्क हो गए थे। इसके चलते पुलिस को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी।

एएसपी और सीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में प्रत्येक स्टाफ का नाम-पता नोट किया गया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। कई सेंटरों के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

वसूली के आरोपों ने बढ़ाया मामला

इस छापेमारी के पीछे एक बड़ा कारण स्पा सेंटरों से कथित रूप से की जा रही वसूली की शिकायतें भी हैं। पुलिस के उच्च अधिकारियों को मिली शिकायतों में टीआई, सीएसपी और एएसपी स्तर के अधिकारियों पर तीन से पांच हजार रुपये प्रतिमाह की वसूली का आरोप लगा है। यहां तक कि क्राइम ब्रांच तक पैसा पहुंचने की बात सामने आई है। इन्हीं आरोपों पर वरिष्ठ अधिकारियों की फटकार के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।

हालांकि छापेमारी में पुलिस को कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि यह कार्रवाई दिखावे भर की तो नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *