रायपुर | छत्तीसगढ़ की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर भाजपा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि कांग्रेस जानबूझकर महिलाओं में भ्रम फैला रही है। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने कांग्रेस पर “झूठ बोलने और महिलाओं को गुमराह करने” का आरोप लगाया।
◆ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी: भाजपा
डॉ. बघेल ने कहा कि ई-केवाईसी को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाया जा रहा भ्रम पूरी तरह निराधार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-केवाईसी केवल लाभार्थियों की पहचान सत्यापन के लिए है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना से वंचित न रहे। उन्होंने कहा, “कांग्रेस इसे योजना बंद करने का बहाना बताकर झूठ फैला रही है, जबकि सरकार सिर्फ फर्जी लाभार्थियों को चिन्हित कर रही है। जिन महिलाओं का निधन हो चुका है या विवाह के बाद उनका नाम बदलना है, केवल वही अपडेट किए जा रहे हैं।”
◆योजना की 21वीं किश्त जारी
भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त महिलाओं के खातों में ट्रांसफर कर दी है। उन्होंने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत उदाहरण बताते हुए कहा कि लाखों परिवारों को इससे प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
◆ कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद: भाजपा
डॉ. बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने पहले दावा किया कि योजना लागू नहीं होगी, फिर कहा कि किस्तें बंद कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा, “हर बार कांग्रेस झूठ बोलती रही, लेकिन भाजपा सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के हर वादे को पूरा किया है।”
◆ पहली किश्त प्रधानमंत्री ने जारी की थी
प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मार्च 2024 को इस योजना की पहली किश्त जारी की थी, जिसके बाद से लाभ नियमित रूप से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान व सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, और कांग्रेस का उद्देश्य सिर्फ भ्रम पैदा करना है।