राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता हासी देवी के सम्मान में रायपुर में.जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का, राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहे मौजूद

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर विशेष स्मारक सिक्का जारी किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 22 अक्टूबर को लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में 200 रुपये के स्मारक सिक्के का अनावरण किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे।

सिंधी समाज के लिए गौरव का अवसर

पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह स्मारक सिक्का जारी किया गया है। सिंधी समाज की आध्यात्मिक विभूति के सम्मान में जारी यह सिक्का देश-विदेश में रहने वाले सिंधी समुदाय के लोगों के लिए गौरव का विषय है। सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि

भारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष स्मारक सिक्के के एक ओर पूज्य माता हासी देवी की छवि अंकित है, जबकि दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है।.सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रहकर्ता शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसे बुक कर सकेंगे।

कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, शदाणी दरबार के सदस्य तथा देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।.माता हासी देवी के सम्मान में जारी यह स्मारक सिक्का उनके आध्यात्मिक योगदान और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *