
दुर्ग-भिलाई। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को पांच मंजिला इमारत के अचानक ढह जाने से छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी 20 वर्षीय छात्र युवराज की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में B.Com सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रहा था और सत्य निकेतन स्थित एक बॉयज PG में रहता था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद युवराज के परिजन दुर्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। घटना की खबर सामने आने के बाद परिवार के साथ उसके दोस्तों और परिचितों में भी शोक की लहर है।
छुट्टियां खत्म होने के तीन दिन बाद ही लौटा था दिल्ली
युवराज मूल रूप से दुर्ग का रहने वाला था और पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रहा था। उसके परिचित आदित्य के मुताबिक, कॉलेज में छुट्टियां होने के कारण युवराज पिछले महीने दुर्ग स्थित अपने घर आया था। छुट्टियां खत्म होने के बाद वह करीब तीन दिन पहले ही दिल्ली वापस गया था। इसके बाद रविवार को सत्य निकेतन में हुए हादसे में उसकी जान चली गई।
रविवार दोपहर भरभराकर गिरी पांच मंजिला इमारत
6 सितंबर को रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के साथ प्रशासन और राहत-बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआत में मलबा हाथों से हटाया गया, जिसके बाद भारी मशीनों की मदद से बचाव कार्य तेज किया गया।
7 लोगों की मौत, 12 को सुरक्षित निकाला गया
हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। रेस्क्यू टीम लापता लोगों की तलाश के लिए कैमरों और रेस्क्यू डॉग की मदद ले रही है। युवराज की मौत की पुष्टि के बाद उसके परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
इमारत गिरने के कारणों की जांच जारी
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के साथ इमारत गिरने के कारणों की जांच भी की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण या सुरक्षा नियमों की अनदेखी तो नहीं हुई थी। फिलहाल प्रशासन की ओर से रेस्क्यू और जांच की कार्रवाई जारी है। दिल्ली में पढ़ाई कर रहे दुर्ग के युवा छात्र की मौत से उसके गृह नगर में भी शोक का माहौल है।