
जीरो अंशदान मॉडल से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का होगा क्रियान्वयन, महिलाओं को ‘सोलर दीदी’ के रूप में मिलेगा रोजगार और नई पहचान
रायपुर, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने अभिनव पहल शुरू की है। ‘प्रोजेक्ट दिनकर’ के तहत जिले के प्रथम चरण में 15 गांवों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत यानी सोलर विलेज बनाया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत ग्रामीणों के घरों की छतों पर 2 किलोवाट क्षमता तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि इसके लिए हितग्राहियों से कोई अतिरिक्त अंशदान नहीं लिया जाएगा। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में चयनित 15 गांवों के सरपंचों एवं सचिवों की बैठक लेकर प्रोजेक्ट दिनकर की रूपरेखा साझा की। उन्होंने ग्रामीणों से इस पहल में सक्रिय सहभागिता निभाने और गांवों को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।
जीरो अंशदान मॉडल से लगेंगे सोलर पैनल
प्रोजेक्ट दिनकर के तहत प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से चयनित गांवों के घरों में 2 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए हितग्राहियों को किसी प्रकार का अतिरिक्त अंशदान नहीं करना होगा। सोलर सिस्टम स्थापना का खर्च केंद्र एवं राज्य शासन की सब्सिडी और निर्धारित मॉडल के माध्यम से वहन किया जाएगा। योजना में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित मकानों के साथ अन्य घरों में भी प्राथमिकता से सोलर पैनल लगाने की पहल की जाएगी। इससे ग्रामीण परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।
महिलाएं बनेंगी ‘सोलर दीदी’, इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस की संभालेंगी जिम्मेदारी
प्रोजेक्ट दिनकर की एक महत्वपूर्ण विशेषता महिला स्व-सहायता समूहों को रोजगार से जोड़ना है। योजना के तहत स्थानीय महिला समूहों को वेंडर के रूप में तैयार किया जाएगा। ये महिलाएं सोलर पैनलों के इंस्टॉलेशन एवं मेंटेनेंस का कार्य करेंगी। इससे ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार और ‘सोलर दीदी’ के रूप में नई पहचान मिलने का रास्ता खुलेगा।.योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी की राशि संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) के खाते में हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए संबंधित हितग्राहियों से सहमति पत्र प्राप्त किया जाएगा तथा महिला समूहों के वेंडर पंजीयन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल, आंगनबाड़ी और स्ट्रीट लाइट भी होंगे सौर ऊर्जीकृत
योजना केवल घरेलू बिजली व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगी। चयनित गांवों के सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्ट्रीट लाइटों को भी सौर ऊर्जा से संचालित करने की योजना है। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रथम चरण में इन 15 गांवों का हुआ चयन
प्रोजेक्ट दिनकर के प्रथम चरण में ग्राम उकारी, नलकसा, हिड़कापार, कुंवागोंदी, कोपेडेरा, तुएदण्ड, दुहकाटोला, कुमुडकट्टा, गैंजी, परसुटोला, जमही, अड़जाल, कामता, औराटोला तथा गुजरा को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत गांव बनाने के लिए चयनित किया गया है।
अब संबंधित गांवों के सरपंच एवं सचिव ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को योजना की जानकारी देंगे तथा उनकी सहमति प्राप्त कर क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू करेंगे। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।