उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बारिश का अलर्ट: बिजली गिरने की चेतावनी, बांगो डैम के 5 गेट खुले; 35 गांवों में मुनादी

उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बारिश का अलर्ट: बिजली गिरने की चेतावनी, बांगो डैम के 5 गेट खुले; 35 गांवों में मुनादी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। इधर, लगातार बारिश के कारण कोरबा के मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर 92.48 प्रतिशत पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद एहतियातन डैम के पांच गेट खोल दिए गए। करीब 3005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके बाद प्रशासन ने नदी किनारे बसे 35 गांवों में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी कर मुनादी कराई है।

बांगो डैम के 5 गेट खुले, 35 गांवों में अलर्ट

मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद प्रशासन ने पांच गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की। करीब 3005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला समेत 35 गांवों में मुनादी कराई गई है।

कोटाडोल में 130 MM बारिश

पिछले 24 घंटे में कोटाडोल में सबसे ज्यादा 130 MM बारिश दर्ज की गई। शंकरगढ़ और पोड़ी-उपरोड़ा में 110-110 MM, जबकि सन्ना, दौरा कोचली और रघुनाथनगर में 80-80 MM बारिश हुई।

बलरामपुर, वाड्रफनगर, चलगली और सामरी में 60-60 MM बारिश दर्ज की गई। रतनपुर, कुनकुरी, बेलतरा, पचपेड़ी, भैसमा, कोरबा, बेलगहना, मनोरा, सकरी और मस्तूरी में करीब 50-50 MM बारिश हुई।

आज भी कई इलाकों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी झारखंड और आसपास बना लो प्रेशर क्षेत्र कमजोर हो सकता है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से अगले 48 घंटे में उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक नया लो प्रेशर क्षेत्र बनने की संभावना है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है।

रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6°C दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22°C पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

प्रदेश में अब तक सामान्य से 9% कम बारिश

छत्तीसगढ़ में 1 जून से 13 अगस्त तक 668.8 MM बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 734.4 MM होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक 65.6 MM कम बारिश हुई है और बारिश सामान्य से करीब 9 प्रतिशत कम है। हालांकि, मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश की कुल बारिश अभी सामान्य श्रेणी में है।

नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार नारायणपुर में अब तक सबसे ज्यादा 1043.9 MM बारिश दर्ज की गई है। यहां सामान्य बारिश 780.7 MM है, यानी सामान्य से 34 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 948.2 MM, बीजापुर में 870.6 MM, जांजगीर में 857.3 MM और महासमुंद में 835.6 MM बारिश दर्ज की गई है।

सरगुजा में सबसे ज्यादा बारिश की कमी

प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश की कमी सरगुजा जिले में दर्ज की गई है। यहां सामान्य से 51 प्रतिशत कम बारिश हुई है। जशपुर में 45 प्रतिशत, बेमेतरा में 40 प्रतिशत, कांकेर में 35 प्रतिशत, सूरजपुर में 22 प्रतिशत और बस्तर व कबीरधाम में 21-21 प्रतिशत बारिश कम हुई है। इसके विपरीत सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 59 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। नारायणपुर में 34 प्रतिशत, मुंगेली में 32 प्रतिशत, बलौदाबाजार में 28 प्रतिशत, महासमुंद में 26 प्रतिशत और जांजगीर में 24 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।

रायपुर में सामान्य से 13% ज्यादा पानी

राजधानी रायपुर में 13 अगस्त तक 727.8 MM बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 641.9 MM है। यानी राजधानी में सामान्य से 13 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। प्रदेश के 33 जिलों में से 20 जिले सामान्य बारिश की स्थिति में हैं, जबकि 6 जिलों में सामान्य से अधिक और 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *