रासेयो छात्रों ने आगेसरा में खारुन नदी में किया अस्थायी स्टॉप डेम निर्माण—जल संरक्षण की अनोखी मिसाल

जामगांव आर। मदनलाल साहू शासकीय महाविद्यालय अरमरीकला की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा दक्षिण पाटन के ग्राम आगेसरा में संचालित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस की शुरुआत प्रातः 5 बजे जागरण और प्रभातफेरी के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ सभी दल “जल ही जीवन है” उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए खारुन नदी, आगेसरा–अरकार ओवरब्रिज के नीचे जल संरक्षण हेतु अस्थायी स्टॉप डेम निर्माण कार्य में जुट गए।छात्र-छात्राओं ने बोरी में रेत भरकर निःस्वार्थ सेवा भाव से स्टॉप डेम तैयार किया तथा सेतु बांधने का कार्य कर जल संरक्षण का संदेश दिया। यह कार्य इसलिए भी आवश्यक था क्योंकि खारुन नदी में पूर्व निर्मित स्टॉप डेम पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिसके चलते निस्तारी हेतु पानी की भारी कमी हो जाती है और ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

NSS स्वयंसेवकों के इस सराहनीय प्रयास से ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू सहित समस्त ग्रामवासी प्रसन्न हुए। सरपंच श्री साहू ने बच्चों के कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि “इन युवाओं की सेवा भावना गाँव के लिए प्रेरणादायक है। इनका योगदान आने वाले समय में जल संकट को कम करने में सहायक होगा।” उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को धन्यवाद एवं शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रमोद भारती, सहायक प्राध्यापक श्री कमलेश्वर साहू, श्री प्रदीप साहू, डॉ. रमेश साहू, श्रीमती अंजनी पैकरा, सुश्री सुमन कश्यप एवं श्री रुद्र प्रताप सोम उपस्थित रहे। छात्रों द्वारा किया गया यह जल संरक्षण कार्य ग्रामीणों के लिए राहत तो देगा ही, साथ ही समाज में पर्यावरण जागरूकता का संदेश भी प्रसारित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *