राजनांदगांव में सम्पन्न सम्भागीय स्पर्धा में दिखाई प्रतिभा, विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
जामगांव आर। संस्कार पब्लिक स्कूल, आमालोरी गाड़ाडीह की कक्षा 10वीं की छात्रा कु. राशि चंद्राकर ने अपनी निशानेबाजी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए चयन प्राप्त किया है। यह उपलब्धि बुधवार को जे.एल.एम. गायत्री विद्या पीठ, सीजी इंग्लिश मीडियम स्कूल, राजनांदगांव में आयोजित सम्भागीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के दौरान अर्जित हुई। राशि ने प्रतियोगिता में एकाग्रता, धैर्य और तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए निर्णायक क्षणों में सटीक निशाने लगाए, जिससे उनका चयन राज्य स्तर के लिए हुआ। उनकी इस सफलता से विद्यालय एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय की प्राचार्य अर्चना शुक्ला ने छात्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राशि ने विद्यालय और पूरे अंचल का नाम रोशन किया है। यह सफलता उसकी कठिन मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। हम सब उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं छात्रों ने भी राशि को बधाई दी और आगामी राज्य स्तरीय मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं। राशि की यह उपलब्धि न केवल खेल क्षेत्र में उसकी लगन का प्रमाण है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।