होली पर यात्रियों को राहत: 1410 से अधिक स्पेशल ट्रेनें, तिरुपति–रक्सौल और पटना–चर्लपल्ली रूट पर खास इंतजाम

रायपुर। होली त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने इस वर्ष देशभर में 1410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से 15 स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं, जिससे छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे के मुताबिक, होली के समय तिरुपति और रक्सौल के बीच ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए इस रूट पर 3 जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया गया है। तिरुपति से ट्रेन नंबर 07051, 21 और 28 फरवरी तथा 7 मार्च 2026 को रवाना होगी। वहीं रक्सौल से ट्रेन नंबर 07052, 24 फरवरी, 3 मार्च और 10 मार्च 2026 को चलेगी।

22 कोच, सभी वर्गों के यात्रियों के लिए सुविधा

इन स्पेशल ट्रेनों में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इसमें एसी टू टियर, एसी थ्री टियर, स्लीपर, जनरल और एसएलआर कोच शामिल रहेंगे, ताकि हर वर्ग के यात्री अपनी सुविधा अनुसार यात्रा कर सकें।

छत्तीसगढ़ के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

तिरुपति से चलकर यह ट्रेन गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और झारसुगुड़ा होते हुए रक्सौल पहुंचेगी। इससे इन इलाकों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और त्योहार के समय टिकट की मारामारी से राहत मिलेगी।

पटना–चर्लपल्ली रूट पर 7 स्पेशल ट्रेनें

पटना और चर्लपल्ली के बीच भी होली के अवसर पर 7 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। पटना से ट्रेन नंबर 03253, 9 मार्च से 30 मार्च 2026 तक हर सोमवार और बुधवार को चलेगी। वहीं चर्लपल्ली से ट्रेन नंबर 03254 और 03255 अलग-अलग तिथियों में संचालित होंगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि पटना–चर्लपल्ली होली स्पेशल ट्रेन पूरी तरह रिजर्व रहेगी। इसमें केवल कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को ही यात्रा की अनुमति होगी। इस ट्रेन में भी 22 कोच लगाए जाएंगे।

यात्रियों को मिलेगी भीड़ से राहत

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, होली के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और वे बिना किसी परेशानी के अपने घर पहुंचकर त्योहार मना सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *