
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर को दहला दिया है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्यनगर में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। शुरुआती तौर पर मामला सामूहिक आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन घटनास्थल से मिले सबूत कहानी को और रहस्यमयी बना रहे हैं। मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्णा (13) और बेटे शशांक के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह घटना का खुलासा होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
दीवान के अंदर मिले बच्चों के शव
घर के अंदर का दृश्य बेहद डरावना था। दोनों बच्चों के शव कमरे में रखे दीवान के अंदर मिले, जबकि मां चंचल साहू फंदे पर लटकी मिलीं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। वहीं गोविंद साहू का शव दूसरे कमरे में मिला। यही वजह है कि पुलिस अब इस केस को सिर्फ आत्महत्या नहीं मान रही।
घर में लोग मौजूद थे, फिर भी किसी को भनक नहीं
हैरानी की बात यह है कि घटना के वक्त घर के दूसरे हिस्से में गोविंद की मां, छोटा भाई और उसका परिवार भी मौजूद था। किसी को रातभर इस खौफनाक घटना की आवाज तक सुनाई नहीं दी। सुबह जब गोविंद रोज की तरह ध्यान के बाद कमरे से बाहर नहीं निकले, तब मां ने दरवाजा खोला और अंदर का मंजर देखकर चीख पड़ीं।
तिरुपति यात्रा से लौटने के बाद मौत
पड़ोसियों के मुताबिक साहू परिवार बेहद खुशहाल और मिलनसार था। परिवार करीब 40 साल से इलाके में रह रहा था। पड़ोसी बताते हैं कि एक सप्ताह पहले ही पूरा परिवार तिरुपति बालाजी दर्शन कर लौटा था। वहां पति-पत्नी ने मुंडन भी कराया था। गुरुवार रात तक घर में सबकुछ सामान्य था। परिवार ने साथ बैठकर खाना खाया था और गोविंद को देर रात दुकान पर सोडा पीते भी देखा गया था।
शेयर मार्केट घाटा या पारिवारिक तनाव?
जानकारी के मुताबिक गोविंद साहू शेयर मार्केट से जुड़ा काम करते थे और उनका दुबई से भी कारोबार जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस को घटनास्थल से दो पन्नों का कथित सुसाइड नोट मिला है। शुरुआती जानकारी में आर्थिक तनाव, कर्ज और पारिवारिक परेशानी का जिक्र बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हत्या या आत्महत्या?
पुलिस को आशंका है कि पहले बच्चों को जहर दिया गया, फिर पति-पत्नी ने आत्महत्या की। लेकिन महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा होना पूरे केस को मर्डर मिस्ट्री में बदल रहा है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।