बिलासपुर। जिले के नेशनल हाईवे पर सड़क सुरक्षा को चुनौती देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रतनपुर-बिलासपुर मार्ग पर चलती स्कूटी पर युवक-युवती द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट और अशोभनीय हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि एक स्कूटी पर तीन लोग सवार हैं। चालक के पीछे एक युवक उल्टी दिशा में बैठा है, जबकि युवती उसके ऊपर सामने की ओर बैठकर चलती गाड़ी में रोमांस करती नजर आ रही है। इस दौरान न तो किसी ने हेलमेट पहना है और न ही ट्रैफिक नियमों का कोई पालन किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय हाईवे पर सामान्य से अधिक यातायात था। ऐसे में इस तरह की लापरवाही किसी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी। पीछे चल रहे वाहन चालकों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती गैर-जिम्मेदार गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल खुद की जान जोखिम में डालती हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बनती हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर एक नई बहस छेड़ रहा है।