CGPSC SI रिजल्ट में ‘NEWS’ और ‘SPACERANI’ नामों पर बवाल, आयोग बोला- अभ्यर्थियों ने खुद भरे थे नाम , भूपेश बघेल ने कसा तंज; कांग्रेस ने जांच की मांग की, भाजपा ने माफी मांगने को कहा

CGPSC SI रिजल्ट में ‘NEWS’ और ‘SPACERANI’ नामों पर बवाल, आयोग बोला- अभ्यर्थियों ने खुद भरे थे नाम , भूपेश बघेल ने कसा तंज; कांग्रेस ने जांच की मांग की, भाजपा ने माफी मांगने को कहा

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक परिणाम में कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चयन सूची में ‘NEWS’ और ‘SPACERANI’ नाम दिखाई देने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी व्यापक चर्चा शुरू हो गई। वायरल स्क्रीनशॉट के बाद कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मामले पर तंज कसा।


4 अगस्त को जारी हुआ था परिणाम

CGPSC ने 341 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को घोषित किया था। इस परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं, जिन्हें मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है।

प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को राज्य के सभी 33 जिलों में आयोजित हुई थी। इसके लिए 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।


किन नामों को लेकर हुई चर्चा

सोशल मीडिया पर वायरल सूची के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों में कुछ असामान्य नाम दर्ज दिखाई दिए। इनमें प्रमुख रूप से—

  • क्रमांक 6074 – रोल नंबर 2402148213 – NEWS
  • क्रमांक 467 – रोल नंबर 2402105174 – SPACERANI
  • क्रमांक 93 – रोल नंबर 2402101319 – MANBAS

इन नामों के स्क्रीनशॉट तेजी से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाने लगे, जिसके बाद मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया।


भूपेश बघेल का तंज

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि NEWS और SPACE RANI को CGPSC द्वारा आयोजित SI प्री परीक्षा में “सांय-सांय सफलता” मिली है। उन्होंने दोनों अभ्यर्थियों को “सांय-सांय बधाई” देते हुए राज्य सरकार पर कटाक्ष किया।


कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चयन सूची में सामने आए कुछ नामों को लेकर संदेह की स्थिति बनी है। पार्टी ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता पर कोई प्रश्नचिह्न न लगे।


CGPSC ने जारी की सफाई

विवाद बढ़ने के बाद CGPSC ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को भ्रामक बताया। आयोग ने स्पष्ट किया कि ‘NEWS’, ‘SPACERANI’, ‘HE RAM’, ‘BHAKT PRAHLAD’ और ‘TUFAIL’ जैसे सभी नाम अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन भरते समय स्वयं दर्ज किए गए थे

आयोग के अनुसार—

  • इन्हीं नामों के आधार पर प्रवेश पत्र जारी किए गए
  • संबंधित अभ्यर्थियों ने दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षा और प्रारंभिक परीक्षा में भाग लिया।
  • परिणाम में वही नाम प्रदर्शित किए गए हैं, जो आवेदन पत्र में दर्ज थे।

CGPSC ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें


भाजपा का पलटवार

कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा कि कांग्रेस ने आयोग का आधिकारिक पक्ष सामने आने से पहले ही मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की और युवाओं के बीच भ्रम फैलाया। उन्होंने कहा कि अब जबकि संवैधानिक संस्था ने तथ्य स्पष्ट कर दिए हैं, कांग्रेस को अपनी पोस्ट वापस लेकर प्रदेश के युवाओं और अभ्यर्थियों से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए


अक्टूबर में होगी मुख्य परीक्षा

CGPSC के अनुसार, सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा संभावित रूप से 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। फिलहाल आयोग की सफाई के बाद भी यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि अभ्यर्थियों की नजर अब आगामी मुख्य परीक्षा की तैयारियों पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *