रुद्राक्ष शुक्ला ने राज्य स्तरीय बॉक्सिंग में किया कमाल, अब राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता में करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

जामगांव आर। पाटन ब्लॉक के स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जामगांव आर के प्रतिभाशाली छात्र रुद्राक्ष शुक्ला ने अंडर-19 शालेय बॉक्सिंग स्पर्धा में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र एवं जिले का मान बढ़ाया है। रुद्राक्ष अब राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करने जा रहे हैं, जिससे पूरे अंचल में हर्ष का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रुद्राक्ष ने अपनी खेल यात्रा की शुरुआत ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता से की, जिसमें उन्होंने पाटन (पहनडोर) में आयोजित स्पर्धा में पहला स्थान प्राप्त किया। इसके बाद जिला और संभाग स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए वे राज्य स्तर तक पहुंचे। हाल ही में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय बॉक्सिंग स्पर्धा में उन्होंने दमदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता हेतु स्थान सुनिश्चित किया।

अब रुद्राक्ष आगामी 30 अप्रैल से 5 मई तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 68वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (अंडर-19, बालक वर्ग) में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय की प्राचार्य चेतना ठाकुर ने कहा कि यह जामगांव आर एवं विद्यालय के लिए ही नही बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है।

रुद्राक्ष शुक्ला, जामगांव आर के सरपंच एवं कांग्रेस जिला महामंत्री  रूपेंद्र शुक्ला के सुपुत्र हैं। उनकी इस  उपलब्धि पर एसएमडीसी अध्यक्ष अंगेश्वर साहू,जनपद सदस्य रामकुमार चन्द्राकर,शासकीय महाविद्यालय अध्यक्ष नरेश केला,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर,पूर्व जिपंसद्वय अशोक साहू एवं जयप्रकाश चंद्राकर, उपसरपंच मुकेश साहू, चतुर साहू, मनीष जैन,राहुल कुलदीप,एके जैन,किशोर साहू,आशीष जैन समेत अनेक गणमान्य नागरिकों ने शुभकामनाएं दी है

विद्यालय परिवार उन्हें हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय मंच के लिए रवाना करने की तैयारी में जुटा हुआ है। रुद्राक्ष की यह उपलब्धि निश्चित ही क्षेत्र के अन्य युवाओं को प्रेरणा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *