जामगांव आर। पीएम मोदी के “फिट इंडिया – खेलो इंडिया” अभियान को सशक्त करते हुए दुर्ग संसदीय क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत ग्राम पंचायत जामगांव (आर) में खेल महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और जोश के साथ हुआ। कार्यक्रम स्थल पर खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की भारी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर (भरर) के अध्यक्ष नरेश केला, ग्राम पंचायत जामगांव आर सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, सेजस अध्यक्ष अंगेश्वर साहू, उपसरपंच मुकेश साहू एवं मेंघनाथ सागरवंशी के आतिथ्य में किया गया। अतिथियों ने माँ सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और नारियल फोड़कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण युवाओं को मंच देने और उनकी प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम है। इससे युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र निर्माण की चेतना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेल स्वस्थ समाज की पहचान है और यह महोत्सव “फिट इंडिया” की भावना को और सशक्त बनाता है।
आयोजन के दौरान विभिन्न पारंपरिक और आधुनिक खेल प्रतियोगिताओं — कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, कुर्सी दौड़, रेस, बैडमिंटन आदि का आयोजन किया गया, जिनमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों से लेकर युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों तक में खेल भावना और उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भाजपा जिला मंत्री शैलेन्द्र मंडावी, महामंत्री पूर्णेन्द्र सिन्हा, सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, सुनील चंद्राकर और रामकृष्ण साहू द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए। भाजपा नेत्री शैलेन्द्री मंडावी ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि जीवन में संघर्ष और धैर्य की भावना भी सिखाते हैं।