“एक राष्ट्र-एक चुनाव” विषय पर भिलाई में मंथन : संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा,इससे भारतीय लोकतंत्र सुदृढ होगा…

भिलाई । छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ एवं एमएसएमई जिला उद्योग संघ दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में “एक राष्ट्र-एक चुनाव” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में “एक राष्ट्र-एक चुनाव” के संवैधानिक, व्यावहारिक व सामाजिक पहलुओं पर वक्ताओं द्वारा विस्तृत चर्चा की गई और विषय पर जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष माननीय शिवरतन शर्मा ने कहा एक राष्ट्र-एक चुनाव भारतीय लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। इससे न केवल संसाधनों की बचत होगी बल्कि प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी। बार-बार चुनाव के कारण जो व्यवधान उत्पन्न होता है, उससे जनता को भी कठिनाई होती है। सभी दलों को इस विषय पर राष्ट्रहित में समन्वय बनाना चाहिए।

सह वक्ता दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने कहा यह पहल केवल चुनाव प्रक्रिया को सरल बनाने की बात नहीं है, बल्कि यह आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्थायित्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस कदम है। यह जनता और सरकार के बीच पारदर्शिता और जवाबदेही को भी बढ़ावा देगा।

इस गरिमामयी आयोजन में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर जी, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, भाजपा के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक जी,अवधेश चंदेल, पुरुषोत्तम देवांगन, अजय साहू, जनपद अध्यक्ष पाटन कीर्ति नायक, आयोजन समिति के प्रमुख अजय भसीन, अरविंद खुराना सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *