धार्मिक भावनाओं और परंपराओं के साथ सख्ती का टकराव : NEET UG 2025 परीक्षा में मौली-ताबीज उतरवाए, कड़ी निगरानी में हुआ एग्जाम…

रायपुर | देशभर में आज NEET UG 2025 परीक्षा का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ में इस बार सिर्फ सरकारी संस्थानों को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है। राजधानी रायपुर में 27 सेंटर पर जिले के लगभग 9300 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि पूरे प्रदेश में करीब 45 हजार छात्रों ने यह परीक्षा दी। एग्जाम सेंटरों पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, जैमर और बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लगाए गए। प्रवेश से पहले छात्रों की कड़ी चेकिंग हुई। उनके हाथ में बंधे मौली धागे, ताबीज, रुद्राक्ष की माला जैसी धार्मिक वस्तुएं उतरवाई गईं। किसी भी प्रकार की धातु से बनी वस्तुएं जैसे ज्वेलरी या कड़ा पहनकर आने पर छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया।

छात्रों को ड्रेस कोड का पालन करते हुए लोअर और हाफ टी-शर्ट में परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना पड़ा। पारदर्शी पानी की बोतल के अलावा अन्य कोई वस्तु ले जाना प्रतिबंधित रहा। NEET UG 2025 परीक्षा में इस बार परीक्षा नियामकों की सख्ती और तकनीकी निगरानी ने यह स्पष्ट कर दिया कि नकल और अनुचित साधनों के लिए कोई स्थान नहीं छोड़ा गया है। हालांकि धार्मिक भावनाओं और परंपराओं के साथ इस सख्ती का टकराव भी देखने को मिला, जिससे परीक्षा में भाग लेने वाले कई छात्र असहज नजर आए।

इस बार परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद ली गई। फोटो मिलान और CCTV फुटेज से परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापित की गई। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार NEET में शामिल छात्रों की संख्या और निगरानी, दोनों में बढ़ोतरी हुई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के मुताबिक, परीक्षा देशभर के 5000 से ज्यादा केंद्रों पर आयोजित की गई और अब तक किसी बड़ी गड़बड़ी की खबर नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *