हड़ताल खत्म, लेकिन सरकार को 5 सितंबर तक अल्टीमेटम: आश्वासन के बाद काम पर लौटे अतिथि शिक्षक

हड़ताल खत्म, लेकिन सरकार को 5 सितंबर तक अल्टीमेटम: आश्वासन के बाद काम पर लौटे अतिथि शिक्षक

वेतन वृद्धि, 13 सीएल और नियमितीकरण पर सकारात्मक पहल का भरोसा; मांगें पूरी नहीं होने पर शिक्षक दिवस के बाद फिर होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन
रायपुर/दुर्ग, 24 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे अतिथि शिक्षकों ने फिलहाल अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी है। संगठन ने सरकार की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद यह निर्णय लिया है। हालांकि अतिथि शिक्षकों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि 5 सितंबर 2026 तक उनकी मांगों पर ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया गया, तो शिक्षक दिवस के बाद पूरे प्रदेश में फिर से आंदोलन शुरू किया जाएगा।दुर्ग में आयोजित प्रेसवार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि अतिथि शिक्षक वर्षों से प्रदेश के दूरस्थ, आदिवासी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने ‘समान काम, समान वेतन’, 12 महीने का वेतन, मातृत्व अवकाश सहित अन्य कर्मचारी सुविधाएं दिए जाने की मांग दोहराई।

संगठन का कहना है कि सरकार ने वेतन वृद्धि, 13 आकस्मिक अवकाश (सीएल) तथा भविष्य में नियमितीकरण की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है। इसी भरोसे के आधार पर फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है।प्रेसवार्ता के दौरान अतिथि शिक्षकों ने आंदोलन के दौरान हुई पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों पर दबाव बनाया गया और छह माह तक हड़ताल नहीं करने का बॉन्ड भरवाया गया, जिसकी संगठन ने कड़ी आलोचना की। अतिथि शिक्षक संगठन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन समाप्त नहीं बल्कि केवल स्थगित किया गया है। यदि निर्धारित समय सीमा तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 5 सितंबर के बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *