बिलासपुर। जिले के सहकारी समिति कर्मचारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर संघ ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। जिसके बाद बुधवार से सभी कर्मचारी अपने-अपने धान खरीदी केंद्रों में वापस काम पर लौट आए हैं। पिछले कई दिनों से जारी यह हड़ताल जिलेभर में धान खरीदी की व्यवस्था को प्रभावित कर रही थी, जिससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों पर प्रशासन की ओर से लगातार काम पर लौटने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी स्थिति को देखते हुए संघ की बैठक में सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से प्रस्ताव पारित कर हड़ताल को रोकने का फैसला लिया। संघ का कहना है कि खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रहे, इसलिए वे तुरंत काम पर लौट रहे हैं, लेकिन उनकी मांगें अभी भी जस की तस बनी हुई हैं।
हड़ताल स्थगित होने के बाद आज से सभी धान खरीदी केंद्रों पर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो गई है। केंद्रों में व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट आई है और खरीदी प्रक्रिया सामान्य रूप से प्रारंभ हो गई है। इस निर्णय से जिलेभर के किसानों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन का भी मानना है कि कर्मचारियों की वापसी से धान खरीदी व्यवस्था फिर से गति पकड़ सकेगी। वहीं संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनकी लंबित मांगों के समाधान के लिए प्रशासन से बातचीत आगे भी जारी रहेगी।