पाटन। चांदनी ब्लॉक महिला संघ सेलूद के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम पतोरा में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुई, जिसमें उपस्थित महिलाओं और अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कीर्ति नायक ने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही है और आत्मनिर्भरता ही उसके सशक्तिकरण की सबसे बड़ी कुंजी है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जब महिलाएं शिक्षित, जागरूक और आर्थिक रूप से सशक्त होंगी, तभी समाज का वास्तविक विकास संभव होगा। उन्होंने महिलाओं से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने, स्वरोजगार अपनाने और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न महिला समूहों ने अपने अनुभव साझा किए, वहीं स्व-सहायता समूहों के कार्यों की सराहना भी की गई। बड़ी संख्या में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया। अंत में आयोजक चांदनी ब्लॉक महिला संघ सेलूद के पदाधिकारियों और सदस्यों के सफल आयोजन की सराहना करते हुए महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।