दुर्ग। दुर्ग जिले में छात्र राजनीति को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में एनएसयूआई से जुड़े नेताओं और उनके साथियों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय ऋषि निर्मलकर के रूप में हुई है। आरोप है कि एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष मेजर सागर, दुर्ग जिला संयोजक प्रशांत राव और उनके साथियों ने ऋषि को एक होटल में बुलाया था। यहां उधारी के पैसों को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने ऋषि को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह मौके पर ही अधमरा होकर गिर पड़ा। इसके बाद गंभीर हालत में उसे होटल के बाहर फेंक दिया गया। घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ऋषि ने आरोपियों से उधार पैसे लिए थे, जिन्हें वह समय पर लौटा नहीं पाया था और फोन कॉल्स का भी जवाब नहीं दे रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज किया और मुख्य आरोपी मेजर सागर, प्रशांत राव समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना के बाद से इलाके में आक्रोश का माहौल है और छात्र राजनीति में बढ़ती हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।