“ऑपरेशन तलाश” की सफलता: दुर्ग पुलिस ने 541 गुमशुदा लोगों को परिजनों से मिलाया, देशभर से की गई तलाश

दुर्ग। जिले में चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। 1 जून से 24 दिनों तक चले इस व्यापक अभियान में दुर्ग पुलिस ने 541 गुमशुदा लोगों को देशभर से खोज निकालकर सकुशल उनके परिवारों से मिलाया है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर 1 जून से 30 जून 2025 तक जिलेभर में चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों के आधार पर पुलिस टीमों ने देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर लगातार खोजबीन की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए लोगों को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। गुमशुदा लोगों में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे।

थानों का उल्लेखनीय योगदान
जिले के थाना जामुल से 80 से अधिक, थाना कोतवाली से 47 से अधिक, जबकि थाना सुपेला से 35 से अधिक गुमशुदा लोगों को ढूंढा गया। इन तीनों थानों की सक्रियता ने अभियान को विशेष गति दी।

कर्मियों को किया गया सम्मानित
ऑपरेशन में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित समारोह में एसपी विजय अग्रवाल ने थाना जामुल प्रभारी राजेश मिश्रा, कोतवाली प्रभारी ममता अली शर्मा और सुपेला प्रभारी विजय यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और जिले के समस्त थाना प्रभारी व स्टाफ भी उपस्थित रहे।

समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ी
“ऑपरेशन तलाश” की सफलता ने न केवल गुमशुदा परिवारों को राहत पहुंचाई, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत किया है। एसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि “यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि मानवता और कर्तव्य का परिचायक है। दुर्ग पुलिस आगे भी इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करती रहेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *